देश की सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक यात्राओं में शामिल अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ हो गया है। अब अगले 57 दिनों तक ग्रेटर हिमालय की ऊंची वादियां 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष से गूंजती रहेंगी। यह यात्रा 28 अगस्त तक चलेगी, जिसके दौरान लाखों श्रद्धालु समुद्र तल से 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक हिम शिवलिंग के दर्शन कर सकेंगे।यात्रा के पहले दिन जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू स्थित भगवती नगर आधार शिविर से पहले जत्थे को रवाना किया। इस जत्थे में 4,822 श्रद्धालु शामिल थे, जिन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 259 वाहनों के काफिले के साथ बालटाल और पहलगाम मार्ग के लिए भेजा गया।खराब मौसम के बीच प्रशासन सतर्ककश्मीर घाटी में लगातार हो रही बारिश और मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं से दर्शन के बाद बिना अनावश्यक देरी किए सुरक्षित स्थानों पर लौटने की अपील की है। यात्रा मार्ग पर हर दो किलोमीटर की दूरी पर ऑक्सीजन बूथ स्थापित किए गए हैं, जबकि दोमेल मार्ग पर चार स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन के जरिए मौसम की ताजा जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।दूसरा जत्था भी रवानाबारिश के कारण गुरुवार को बालटाल मार्ग पर यात्रा कुछ समय के लिए रोकी गई थी। मौसम में सुधार होने के बाद शुक्रवार तड़के लगभग चार बजे दूसरा जत्था भी रवाना कर दिया गया। इस दल में 3,865 श्रद्धालु शामिल हैं। इनमें 1,735 यात्री 115 वाहनों से बालटाल मार्ग और 2,130 श्रद्धालु 86 वाहनों से पारंपरिक पहलगाम मार्ग की ओर रवाना हुए।दोनों मार्गों पर स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूतयात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए दोनों मार्गों पर लगभग एक हजार डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गई है। बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों पर 100-100 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक अस्थायी अस्पताल स्थापित किए गए हैं।बालटाल मार्ग पर दोमेल, रेलपथरी, बरारी और संगम टॉप जैसे प्रमुख पड़ावों पर मेडिकल सहायता केंद्र और ऑक्सीजन सुविधा उपलब्ध है। वहीं पहलगाम मार्ग पर नुनवान, चंदनवाड़ी, पिस्सू टॉप और शेषनाग में चिकित्सा केंद्र और बेस अस्पताल तैयार किए गए हैं, जहां यात्रियों की स्वास्थ्य जांच और आपातकालीन उपचार की व्यवस्था रहेगी।श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएंयात्रा के दौरान मोबाइल नेटवर्क की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए दोनों बेस कैंपों पर बीएसएनएल, जियो और एयरटेल के विशेष काउंटर लगाए गए हैं, जहां पहचान पत्र दिखाकर अस्थायी पोस्टपेड सिम प्राप्त किए जा सकते हैं। इस क्षेत्र में केवल पोस्टपेड मोबाइल सेवाएं ही संचालित होती हैं।बालटाल बेस कैंप में 57 लंगरों के अलावा हजारों श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है। तंबू, बेड और यात्री निवास की सुविधाओं के माध्यम से एक समय में लगभग 30 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की क्षमता विकसित की गई है।चार लाख के करीब पंजीकरण, यात्रियों के लिए जरूरी सलाहइस वर्ष अब तक 3.90 लाख से अधिक श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। जिन लोगों ने पहले से रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, उनके लिए जम्मू में ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे मेडिकल प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, RFID कार्ड, पासपोर्ट आकार के फोटो और आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। ऊंचाई वाले क्षेत्र में यात्रा को देखते हुए पर्याप्त गर्म कपड़े, रेनकोट, ट्रैकिंग स्टिक, पानी और जरूरी दवाइयां साथ रखने की भी सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने 6 जुलाई तक दोनों मार्गों पर तेज बारिश की संभावना जताई है, इसलिए यात्रियों से मौसम संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।