हरियाणा कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी अशोक खेमका को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली है। अदालत ने केंद्र सरकार और केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट) के उन आदेशों को निरस्त कर दिया है, जिनके आधार पर उन्हें भारत सरकार में अतिरिक्त सचिव और सचिव स्तर पर एंपैनलमेंट का लाभ देने से इंकार किया गया था। अदालत ने माना कि समान परिस्थितियों वाले अन्य अधिकारियों को लाभ देने के बावजूद खेमका को इससे वंचित रखना समानता के सिद्धांत के खिलाफ है। क्या था पूरा मामला? अशोक खेमका वर्ष 1991 बैच के आईएएस अधिकारी रहे हैं। उन्हें वर्ष 2010 में केंद्र सरकार में संयुक्त सचिव स्तर पर एंपैनल किया गया था। इसके बाद वर्ष 2019 में उनके बैच के कई अधिकारियों को अतिरिक्त सचिव और सचिव स्तर पर एंपैनलमेंट का लाभ मिला, लेकिन खेमका का नाम इस सूची में शामिल नहीं किया गया। केंद्र सरकार का तर्क था कि खेमका ने भारत सरकार में उप सचिव या उससे उच्च पद पर न्यूनतम तीन वर्ष की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पूरी नहीं की थी, इसलिए वे निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा नहीं करते थे। इसी आधार पर उन्हें उच्च स्तर के एंपैनलमेंट से वंचित रखा गया। खेमका ने अदालत में रखे ये तर्क अशोक खेमका ने इस फैसले को चुनौती देते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने कई अन्य आईएएस अधिकारियों को इसी शर्त में छूट प्रदान की थी। उन्होंने अदालत के समक्ष लगभग 20 अधिकारियों के उदाहरण प्रस्तुत किए, जिन्हें आवश्यक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति अनुभव न होने के बावजूद अतिरिक्त सचिव या सचिव स्तर पर एंपैनल किया गया था। इन अधिकारियों में विभिन्न राज्यों के आईएएस अधिकारी शामिल थे। कुछ मामलों में तो अधिकारियों के पास केंद्रीय प्रतिनियुक्ति का अनुभव बिल्कुल नहीं था, फिर भी उन्हें नियमों में छूट देकर उच्च पदों के लिए एंपैनल किया गया। अदालत ने क्या कहा? जस्टिस हरसिमरन सिंह सेठी और जस्टिस दीपक मनचंदा की खंडपीठ ने अपने फैसले में कहा कि यदि सरकार के पास नियमों में छूट देने की शक्ति है और उसका उपयोग अन्य समान अधिकारियों के पक्ष में किया गया है, तो अशोक खेमका को वही लाभ न देना भेदभावपूर्ण माना जाएगा। अदालत ने यह भी उल्लेख किया कि खेमका के मामले के बाद भी कुछ अधिकारियों को विशेष छूट देकर अतिरिक्त सचिव स्तर पर एंपैनल किया गया था। ऐसे में खेमका के साथ अलग व्यवहार करना संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 में निहित समानता के अधिकार का उल्लंघन है। सेवानिवृत्ति के बावजूद मिलेगा लाभ हालांकि अदालत ने माना कि अशोक खेमका अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं, इसलिए उन्हें केंद्र सरकार में वास्तविक प्रतिनियुक्ति का लाभ नहीं दिया जा सकता। इसके बावजूद हाई कोर्ट ने निर्देश दिया कि भविष्य में किसी आयोग, प्राधिकरण, ट्रिब्यूनल या अन्य संवैधानिक एवं प्रशासनिक पद पर नियुक्ति के दौरान उन्हें अतिरिक्त सचिव या सचिव स्तर पर एंपैनल अधिकारी के समान माना जाएगा। भविष्य की नियुक्तियों के लिए रास्ता साफ अदालत के इस फैसले से अशोक खेमका को भविष्य में उन पदों के लिए समान अवसर मिल सकेंगे, जहां अतिरिक्त सचिव या सचिव स्तर का एंपैनलमेंट वांछनीय योग्यता माना जाता है। इस निर्णय को प्रशासनिक सेवाओं में समान अवसर और निष्पक्षता के सिद्धांत को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण फैसला माना जा रहा है।